

बिलासपुर। भीषण गर्मी के बीच शहर में बिजली संकट गहराता जा रहा है। एक ओर बिजली विभाग द्वारा 6 से 11 अप्रैल तक रोजाना 5 घंटे की निर्धारित कटौती की जा रही है, वहीं दूसरी ओर रात में आंधी-बारिश के कारण बार-बार बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विभाग के शेड्यूल के अनुसार सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक अलग-अलग इलाकों में बिजली बंद की जा रही है। दिन के समय कटौती से घरों में पानी की समस्या और उमस बढ़ गई है, जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। वहीं व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है, क्योंकि कूलर, पंखे और लाइट बंद रहने से ग्राहक कम हो रहे हैं।
500 से ज्यादा शिकायतें दर्ज फ्यूज कॉल सेंटर के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में 500 से अधिक शिकायतें दर्ज की गई हैं। टीमों द्वारा मरम्मत कार्य किया जा रहा है, लेकिन एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने में समय लगने से सुधार कार्य प्रभावित हो रहा है।
आंधी-बारिश से बढ़ी परेशानी पिछले 5 दिनों से आंधी-बारिश के चलते सुबह 4 बजे से 9 बजे तक कई इलाकों में बिजली बंद रही। विभाग के अनुसार तेज हवाओं के कारण इंसुलेटर खराब होने और केबल टूटने की घटनाएं बढ़ गई हैं।
इलाकेवार कटौती का शेड्यूल
7 अप्रैल: लिंक रोड, इंदिरा चौक, दयालबंद, गोलबाजार
8 अप्रैल: सिरगिट्टी, तोरवा, चांटीडीह, सोनगंगा कॉलोनी
9 अप्रैल: वसंत विहार, विजय नगर, करबला
10 अप्रैल: गांधी चौक, हेमूनगर, राजीव विहार
11 अप्रैल: दयालबंद, तोरवा, शंकर नगर, महावीर सिटी
इससे पहले 5 अप्रैल को सिरगिट्टी और 6 अप्रैल को देवरीखुर्द व विजय नगर में भी 5 घंटे बिजली कटौती की गई थी।
मेंटेनेंस को बताया जरूरी बिजली विभाग के कार्यपालन यंत्री बीबी नेताम ने बताया कि मानसून से पहले मेंटेनेंस जरूरी है, ताकि बड़े फॉल्ट से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि आंधी-बारिश से आई खराबियों को जल्द सुधारने का प्रयास किया जा रहा है।
व्यापारियों में नाराजगी व्यापारियों का कहना है कि साल में कई बार मेंटेनेंस के बावजूद लगातार ट्रिपिंग हो रही है और कटौती से कारोबार प्रभावित हो रहा है। पूरा बिल देने के बावजूद राहत नहीं मिल रही है।
मौसम में बदलाव, गर्मी से राहत इधर सोमवार तड़के हुई हल्की बारिश से मौसम में बदलाव आया है। ठंडी हवाओं के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.5 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री रहा।
विभाग ने अगले 2-3 दिनों तक हल्की बारिश, गरज-चमक और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है।
