IPL मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते 3 आरोपी गिरफ्तार, 17 लाख की जप्ती


बिलासपुर। थाना सिरगिट्टी पुलिस और एसीसीयू टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए IPL मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नगदी, मोबाइल और कार सहित लगभग 17 लाख रुपये की जप्ती की गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुम्बर पेट्रोल पंप के पास एक सफेद रंग की क्रेटा कार (CG10BD8888) में तीन व्यक्ति मोबाइल के जरिए स्थान बदल-बदलकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को पकड़ लिया।
मौके पर आरोपियों के मोबाइल की जांच करने पर व्हाट्सएप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित करना पाया गया। आरोपियों के पास से ₹5,01,300 नगद, 4 मोबाइल फोन और एक क्रेटा कार (कीमत करीब ₹10 लाख) जब्त की गई। कुल जुमला कीमत लगभग ₹17 लाख आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपी
रामेश्वर गुप्ता उर्फ दउवा (40 वर्ष), निवासी गनियारी थाना कोटा
दीपचंद सोनकर उर्फ चिंटू (32 वर्ष), निवासी देवरी खुर्द थाना तोरवा
सीताराम साहू (36 वर्ष), निवासी नजरलाल पारा सिरगिट्टी
पूछताछ में आरोपियों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाना स्वीकार किया है। पुलिस को इनके अन्य थाना क्षेत्रों में भी सट्टा संचालन से जुड़े होने की जानकारी मिली है, जिसकी जांच जारी है।
आरोपियों के खिलाफ धारा 7(2), 112 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि शहर में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!