
यूनुस मेमन

बिलासपुर। थाना रतनपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पेण्ड्रा से बिलासपुर की ओर गांजा बिक्री करने जा रहा था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रतनपुर अंशिका जैन (प्रशिक्षु भापुसे) के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
दिनांक 5 अप्रैल 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति पेण्ड्रा की ओर से नीले रंग की कार में भारी मात्रा में गांजा लेकर बिलासपुर की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम घासीपुर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 3.329 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 1,65,000 रुपये बताई गई।
पुलिस ने मौके से एक मोबाइल फोन, दो वॉकी-टॉकी तथा गांजा परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को भी जब्त किया। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 6,77,000 रुपये आंकी गई है।
मामले में पुलिस ने सौरभ मिश्रा (26 वर्ष), निवासी ग्राम धनगंवा, थाना गौरेला, जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने गांजा बिलासपुर में बिक्री के लिए ले जाना स्वीकार किया। आरोपी के खिलाफ थाना रतनपुर में नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर अंशिका जैन, सउनि पवन सिंह, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली, आरक्षक संजय यादव एवं महिला आरक्षक अंजेला खलखो का विशेष योगदान रहा।
