

मुंगेली पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से दो लोहे की तलवार जब्त की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में 4 अप्रैल 2026 को थाना सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मल्हापारा क्षेत्र के नंदी चौक, शंकर मंदिर के पास दो व्यक्ति तलवार लेकर घूम रहे हैं और आम नागरिकों को डरा-धमका रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए स्थान पर दो व्यक्तियों को तलवार लहराते हुए पाया। पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान सुनील जायसवाल (28 वर्ष), निवासी शंकर वार्ड मुंगेली तथा आनंद यादव उर्फ भुरवा (25 वर्ष), निवासी राजेन्द्र वार्ड पटवापारा मुंगेली के रूप में हुई। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से एक-एक लोहे की तलवार बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के आदतन बदमाश बताए जा रहे हैं। आरोपियों के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 124/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत मामला दर्ज कर 5 अप्रैल 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े प्रभारी सिटी कोतवाली मुंगेली सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील:
मुंगेली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
