

बिलासपुर। सहारा इवेंट्स टीम द्वारा दिव्यांग बच्चों के लिए एक भव्य टैलेंट शो का आयोजन रविवार, 5 अप्रैल 2026 को एक होटल में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11:00 बजे दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर राजू अग्रवाल, विकलांग चेतना परिषद टीम से किरण सिंह, रोहन शाह, समाजसेवी चंचल सलूजा, सोनिया साहू सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम की शुरुआत एन.एफ.बी. ज्ञानदीप स्पर्श कन्या शाला की दृष्टिहीन बालिकाओं द्वारा सरस्वती वंदना से हुई, जिसने उपस्थित जनों का मन मोह लिया। इसके बाद दिव्यांग बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कुमारी प्रिंसी सिदार एवं दीक्षा खांडे (अल्प दृष्टि बाधित) ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं अल्प दृष्टि बाधित काव्य जैसवानी, मूकबधिर शुभेंदु चंद्र शाहा ने “संदेशे आते हैं” गीत पर प्रभावशाली नृत्य प्रस्तुत किया।
डाउन सिंड्रोम से ग्रसित सुमी ठाकुर एवं गार्गी साहू ने भी अपने शानदार नृत्य से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। अस्थि बाधित देव सिंह बंजारे एवं तीज राम बघेल द्वारा सूरदास जी के गीतों की प्रस्तुति सराहनीय रही। उमाशंकर बंजारे के तबला वादन और सालिक राम सूरदास के ढोलक वादन ने पूरे हॉल को तालियों की गूंज से भर दिया।
सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चले इस कार्यक्रम में कुल 55 दिव्यांग बच्चों ने अपने हुनर का प्रदर्शन किया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डांस और गायन की विभिन्न श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को विशेष मेडल प्रदान किए गए। कार्यक्रम के लिए शेफाली घोष एवं सुमिता दास गुप्ता को निर्णायक की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

सहारा टीम के संस्थापक शुभम आनंद एवं उनकी टीम—आदित्य कैव्रत, गरिमा सराफ, अंकेश ग्रेवाल, उत्कर्ष चौधरी, आदित्य गरेवाल, शुभ भोंई, दिशांत भोंई, प्रेक्षा भोंई, संस्कार आनंद, शिवा भोई और मोनिका—के अथक प्रयासों से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। महिला प्रमुख शेफाली घोष ने बताया कि इससे पूर्व 2 अगस्त 2025 को लखीराम ऑडिटोरियम में भी 50 बच्चों का टैलेंट शो आयोजित किया गया था और भविष्य में भी हर वर्ष दिव्यांग एवं अनाथ बच्चों के लिए ऐसे आयोजन करने का संकल्प लिया गया है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में किरण चावला एवं किरण सिंह उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में राजू अग्रवाल, समाजसेवी चंचल सलूजा, राजू सुल्तानिया, मदन मोहन अग्रवाल, सोनिया साहू सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में शेफाली घोष, रेखा गुल्ला, रोहन शाह, समरीता शर्मा, नवीन दुबे, डॉ. अंकित ठकराल, डॉ. संजय दुबे सहित कई लोगों का विशेष सहयोग रहा।
