
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम लोखंडी में एक सड़क हादसे के बाद उग्र भीड़ द्वारा कार में आगजनी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, घुरू गोकुलधाम निवासी रामेश्वर सूर्यवंशी 24 मार्च को अपनी स्विफ्ट डिजायर कार (सीजी 04 एलटी 6088) से लोखंडी की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क पर बैठी गायों और अचानक सामने आए झुंड को बचाने के प्रयास में उसने कार का संतुलन खो दिया, जिससे वाहन सड़क किनारे चल रहे एक राहगीर से टकरा गया।
हादसे में राहगीर घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही उसका बेटा राजा निषाद अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा। देखते ही देखते वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख चालक रामेश्वर सूर्यवंशी मौके से भागकर पास के खेत में छिप गया, जिससे उसकी जान बच सकी।
आरोप है कि इस दौरान घायल को अस्पताल पहुंचाने के बजाय कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोपी राजा निषाद, कृष कुर्रे और प्रदीप वर्मा ने गाली-गलौज करते हुए कार में तोड़फोड़ की और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। कुछ ही मिनटों में कार जलकर पूरी तरह खाक हो गई।
घटना के बाद कार मालिक ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सकरी पुलिस ने बलवा, आगजनी समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी विजय चौधरी ने बताया कि सड़क हादसा दुखद है, लेकिन कानून को हाथ में लेकर आगजनी करना गंभीर अपराध है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है और दूसरे पक्ष से अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
