

सरिया | संवाददाता (बनवारी लाल केवट)
सरिया। सरिया पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15 लीटर कच्ची महुआ शराब और नगदी राशि बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 4 अप्रैल 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम डूमरसिंहा में एक व्यक्ति अवैध रूप से महुआ शराब छिपाकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान आरोपी पीला बाबू यादव (63) निवासी डूमरसिंहा को मौके से पकड़ा गया। उसके पास से एक सफेद प्लास्टिक डिब्बे में रखी करीब 15 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत लगभग 3 हजार रुपए) और बिक्री की 610 रुपए नगद राशि बरामद की गई।
पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमीषा पांडेय और डीएसपी संतोषी ग्रेस के निर्देश पर थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

