हनुमान जयंती शोभायात्रा में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार,रंजिश में भीड़ के बीच वारदात, तोरवा पुलिस ने साइबर ट्रैकिंग से पकड़ा


बिलासपुर |
बिलासपुर। हनुमान जयंती के दौरान निकली शोभायात्रा में युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में तोरवा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने भीड़ के बीच पुरानी रंजिश के चलते युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
पुलिस के अनुसार 2 अप्रैल 2026 को शहर में विभिन्न स्थानों पर शोभायात्राएं निकाली जा रही थीं। इसी दौरान चांटीडीह सरकंडा निवासी सन्नी श्रीवास और उसका साथी सूरज साहू पेंडलवार अस्पताल के पास रैली देख रहे थे। तभी दयालबंद क्षेत्र निवासी प्रियांशु बोले अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और साइड हटने की बात को लेकर विवाद करने लगा।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान मुख्य आरोपी प्रियांशु बोले ने अपने पास रखे धारदार चाकू से सूरज साहू के पेट पर वार कर दिया। घायल सूरज साहू को तत्काल सिम्स में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद तोरवा पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। आरोपी घटना के बाद फरार हो गए थे और लगातार ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से लोकेशन ट्रैक कर 5 अप्रैल को कोतवाली क्षेत्र में दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रियांशु बोले (25), ओम बोले (23) और के. राघवेन्द्र राव उर्फ सुरेश (26) शामिल हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का धारदार चाकू भी जब्त किया है।
पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!