

बिलासपुर। सिटी कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती दिखाते हुए दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई की है। एक ओर पुरानी रंजिश में चाकू से हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, वहीं हनुमान जयंती रैली के दौरान हुए विवाद में 6 आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 अप्रैल 2026 को पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में कश्यप कॉलोनी निवासी सुजीत पाण्डेय (26) के साथ अनुराग कश्यप (21) ने पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौच करते हुए मारपीट की और चाकू लेकर दौड़ाया। जान बचाकर भागे पीड़ित के घर पहुंचकर आरोपी ने दरवाजा तोड़ने की कोशिश की और हथौड़ी से उसकी बुलेट मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ कर फरार हो गया।

घटना की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी अनुराग कश्यप को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू और हथौड़ी जब्त कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इसी तरह, हनुमान जयंती रैली के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में हुए विवाद के मामले में भी पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुजीत पाण्डेय, अमन उर्फ डिंपल, आयुष खटीक, चंदन खटीक, अभिषेक उर्फ अभी खटीक और रितीक खटीक सहित 6 लोगों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र के अन्य गुंडा-बदमाशों को भी थाने बुलाकर कड़ी चेतावनी दी गई है। सिटी कोतवाली पुलिस का कहना है कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
