तोरवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चाकू लेकर दहशत फैलाने वाला बदमाश गिरफ्तार, 6 वारंटी भी दबोचे


बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए एक आदतन बदमाश को धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे 6 वारंटियों को भी पकड़ा गया है। इसके अलावा 2 बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 अप्रैल 2026 की रात करीब 8:30 बजे शंकर नगर निवासी एक युवक अपने दोस्तों के साथ हेमूनगर के पास नाश्ता कर रहा था। इसी दौरान एक बदमाश ने उसे धक्का देते हुए विवाद शुरू कर दिया। टोका-टाकी करने पर आरोपी गाली-गलौच करने लगा। कुछ देर बाद वह अपने दो साथियों के साथ बेसबॉल स्टिक और स्टील पाइप लेकर युवक को खोजते हुए पहुंचा।


इसी बीच अड्डेबाजी और संदिग्ध गतिविधियों की चेकिंग कर रही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देख दो आरोपी हथियार छोड़कर फरार हो गए, जबकि मुख्य आरोपी सागर सिंह (20 वर्ष), निवासी गणेश नगर नयापारा, सिरगिट्टी को लोहे के तलवारनुमा चाकू और एक्टिवा स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ गाली-गलौच, जान से मारने की धमकी और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। फरार दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।
इसी अभियान के तहत पुलिस ने क्षेत्र में सघन चेकिंग करते हुए 6 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें चेतन नाग, रोहित ध्रुव, अभिषेक उर्फ कलुवा, अमित बघेल, आलोक टांडी और चंद्रप्रकाश कोल उर्फ गुंडा शामिल हैं। वहीं दुना भास्कर और दीपक बजाज के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के नेतृत्व में की गई। थाना प्रभारी अभय सिंह बैस सहित पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही।
पुलिस का कहना है कि शहर में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!