धारदार चाकू के साथ दो आदतन बदमाश गिरफ्तार, तोरवा पुलिस की कार्रवाई

शशि मिश्रा


बिलासपुर। शहर में अपराध पर अंकुश लगाने के तहत तोरवा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आदतन बदमाशों को धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तलवारनुमा फल वाले दो चाकू और एक स्कूटी जब्त की गई है। मामले में पुलिस ने आम्र्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर शहर में अड्डेबाजों, निगरानी बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के नेतृत्व में तोरवा थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया।


शुक्रवार शाम थाना प्रभारी अभय सिंह बैस के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पेंडलवार नर्सिंग होम के पास गली में स्कूटी सवार दो युवक संदिग्ध हालत में नजर आए। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान दोनों युवकों के पास से बेल्ट में छिपाकर रखे गए दो धारदार चाकू बरामद किए गए, जिनका फल तलवारनुमा था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे जरूरत पड़ने पर मारपीट करने के लिए चाकू अपने पास रखते थे।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्ष कुकरेजा (20 वर्ष) निवासी साई भूमि कॉलोनी, गुरुनानक चौक तोरवा और राकेश ध्रुव (33 वर्ष) निवासी वालिया गली तोरवा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 183/2026 के तहत धारा 25, 27 आम्र्स एक्ट में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी अभय सिंह बैस, प्रधान आरक्षक निसार परवेज, आरक्षक सरफराज खान और आरक्षक अजय शर्मा की भूमिका सराहनीय रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!