कोनी–अशोक नगर मार्ग का प्लान तीसरी बार बदला, कब बनेगी फोरलेन सड़क ?


बिलासपुर। शहर के बहुप्रतीक्षित कोनी–अशोक नगर मार्ग को लेकर एक बार फिर बड़ा फैसला लिया गया है। अब यह सड़क टू-लेन के बजाय फोरलेन सीसी रोड के रूप में विकसित की जाएगी। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की पहल पर यह बदलाव किया गया है, जिसके बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) नया सर्वे कर रिवाइज एस्टीमेट शासन को भेजेगा।
बताया जा रहा है कि सिटी बस डिपो से बाइपास होते हुए अशोक नगर तक करीब 3.71 किलोमीटर लंबी इस सड़क के लिए पहले 8.30 करोड़ रुपए की मंजूरी मिल चुकी थी। शुरुआती योजना में इसे टू-लेन सड़क के रूप में बनाया जाना था, लेकिन अब इसे फोरलेन में अपग्रेड करने का निर्णय लिया गया है। गौरतलब है कि यह परियोजना तीसरी बार संशोधित हो रही है—पहले इसकी लागत 4 करोड़ रुपए थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 8 करोड़ किया गया और अब फोरलेन निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।
यह सड़क रतनपुर से कोनी होते हुए अशोक नगर और आगे सीपत को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण बाइपास मार्ग साबित होगी। वर्तमान में यहां मुरूम सड़क होने के कारण बारिश में कीचड़ और गर्मी में धूल से लोगों को काफी परेशानी होती है। फोरलेन बनने के बाद यातायात सुगम होने के साथ-साथ क्षेत्र का विकास भी तेज होगा।
इस परियोजना से अशोक नगर, फॉरेस्ट कॉलोनी, पत्रकार कॉलोनी, महावीर आवासीय परिसर, अटल आवास और ड्रीम रेसिडेंसी सहित 15 हजार से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही कई शासकीय संस्थानों तक पहुंच भी आसान हो जाएगी।
लोक निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर आरके रात्रे के अनुसार, विभागीय अधिकारियों के साथ चर्चा के बाद फोरलेन सीसी रोड के लिए रिवाइज एस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा जाएगा।
हालांकि, इस योजना के बार-बार टलने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कई बड़े बिल्डरों की जमीन होने के कारण सड़क बनने से जमीन की कीमतों में भारी वृद्धि होगी, इसी वजह से योजना को बार-बार टाला जा रहा है। ऐसे में अब लोगों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि संशोधित योजना पर काम कब तक शुरू होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!