शादी कार्ड बांटकर लौट रहे दो लोगों को वाहन ने मारी टक्कर, एक की मौत


बिलासपुर। कोटा क्षेत्र में हिट एंड रन का गंभीर मामला सामने आया है, जहां शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे दो लोगों को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में परसराम पोर्ते (50) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी भरत सिंह ध्रुव (45) गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों दर्रीपारा से अपने गांव दर्शकांपा लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम नेवरा के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि परसराम पोर्ते सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, वहीं भरत सिंह ध्रुव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
इधर, कोटा क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। हाल ही में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए विस्तृत विश्लेषण के निर्देश दिए थे। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के अनुसार, वर्ष 2026 की पहली तिमाही में ही सड़क हादसों में मौतों का आंकड़ा दोगुना होकर 71 पहुंच गया है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 33 मौतें दर्ज की गई थीं।
एसएसपी रजनेश सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी ने घटना देखी हो या वाहन का नंबर पता हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि आरोपी को पकड़कर सख्त कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!