

बिलासपुर। थाना सीपत क्षेत्र के ग्राम सेलर बरभाठा में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 मार्च 2026 को सूचक शत्रुघ्न धुरी ने सूचना दी कि गांव की पानी टंकी की सीढ़ियों पर राजू धुरी मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा और जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण एवं गवाहों के बयान के आधार पर हत्या की पुष्टि हुई।
जांच में सामने आया कि आरोपी अनिल केंवट (40 वर्ष), निवासी सेलर बरभाठा ने बांस के डंडे से सिर पर वार कर राजू धुरी की हत्या की। घटना 28 मार्च की रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है, जब आरोपी पानी टंकी के पास सो रहा था। उसी दौरान मृतक वहां पहुंचा और दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर आरोपी ने पास में रखे बांस के डंडे से वार कर दिया, जिससे गंभीर चोट लगने पर युवक की मौत हो गई। आरोपी अपनी उम्र 40 साल बता रहा है लेकिन उसके पूरे बाल पके हुए हैं और वह 60 साल का बूढ़ा दिखता है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
