

बिलासपुर। थाना तारबाहर पुलिस ने देर रात शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से चार पहिया वाहन को जब्त कर आरोपी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 30 मार्च 2026 की सुबह करीब 3:30 बजे पेट्रोलिंग टीम को एफसीआई चौक के पास एक आई-20 कार संदिग्ध अवस्था में सड़क पर खड़ी मिली।

जांच करने पर वाहन चालक की पहचान जैद अहमद (26 वर्ष), निवासी मिनोचा कॉलोनी, मंगला के रूप में हुई। पुलिस ने पाया कि वह शराब के नशे में वाहन चला रहा था और सड़क पर गाड़ी खड़ी कर दी थी, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।
तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वाहन को जब्त कर थाने में खड़ा किया और चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं, ताकि सड़क हादसों से बचा जा सके।
