बिलासपुर में नवनिर्मित रक्षित आरक्षी केंद्र का लोकार्पण, पुलिस अधोसंरचना को मिलेगी मजबूती


बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार 29 मार्च 2026 को बिलासपुर में नवनिर्मित रक्षित आरक्षी केंद्र भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर को जिला पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के प्रयासों से जिले में कई महत्वपूर्ण पुलिस भवनों का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। नवीन रक्षित आरक्षी केंद्र के शुरू होने से पुलिस की विभिन्न शाखाएं अब व्यवस्थित, सुरक्षित और सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगी।


उल्लेखनीय है कि बिलासपुर जैसे बड़े और महत्वपूर्ण जिले में कई पुलिस कार्यालय, थाना और चौकियां अब तक पुराने एवं जर्जर भवनों में संचालित हो रही थीं, जिनमें से कई भवन अंग्रेज शासन काल के बने हुए थे। ऐसे में इस नए भवन का निर्माण पुलिस व्यवस्था के आधुनिकीकरण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


इसके अलावा रक्षित आरक्षी केंद्र, शहीद स्मारक और किशोर बालक अनुसंधान इकाई कार्यालय का निर्माण पूर्ण हो चुका है। वहीं पुलिस अधीक्षक कार्यालय, थाना पचपेड़ी सहित अन्य भवनों का निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में है। साथ ही चौकी केंदा, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कोटा एवं बिलासपुर के आवास, 110 क्वार्टर और सामुदायिक भवनों के निर्माण की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी।
रक्षित आरक्षी केंद्र जिला पुलिस का मुख्यालय होता है, जो कानून व्यवस्था बनाए रखने, वीआईपी सुरक्षा, आपात स्थितियों में बल प्रबंधन, संसाधनों के नियंत्रण, आवास और भोजन जैसी सुविधाओं के संचालन में अहम भूमिका निभाता है। यहां से सुरक्षा सामग्री, वाहन, ईंधन, वर्दी, आर्म्स एवं अन्य आवश्यक संसाधनों का प्रबंधन किया जाता है।
इस नई सुविधा के शुरू होने से पुलिस जवानों के प्रशिक्षण, अनुशासन, स्वास्थ्य और कल्याण संबंधी गतिविधियों को भी बेहतर ढंग से संचालित किया जा सकेगा, जिससे जिले की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!