

बिलासपुर। थाना सिविल लाईन पुलिस ने दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान, नगदी रकम तथा घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हरिभूमि प्रेस के सामने रिंग रोड-2 स्थित एक पान ठेला दुकान एवं मंदिर चौक जरहाभाठा स्थित पूनम पान मसाला दुकान में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले में अपराध पंजीबद्ध कर अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही थी।

जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मिनीबस्ती शुलभ के पास दो युवक नशा करने वालों को सस्ते दाम में गुटखा-पान मसाला बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया और पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपियों की पहचान मानष उर्फ सोनू सिंह (22 वर्ष) एवं अविनाश रात्रे उर्फ बंटी (19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो जरहाभाठा क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2000 रुपए का पान मसाला व गुटखा, 7200 रुपए नगद और दुकान का शटर तोड़ने में इस्तेमाल किया गया लोहे का सब्बल बरामद किया है।
दोनों आरोपियों को 25 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया है और 26 मार्च को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
