

बिलासपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार को रतनपुर और चकरभाठा थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 27.4 लीटर अवैध शराब जब्त की। इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से शराब परिवहन में प्रयुक्त एक इलेक्ट्रिक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
रतनपुर में स्कूटी से घुम-घुमकर बेच रहा था शराब
रतनपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति इलेक्ट्रिक स्कूटी में बड़ी मात्रा में शराब लेकर शनिचरी चौक करैहापारा क्षेत्र में घूम-घूमकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर वर्तमान थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी रामकुमार पाटले (52) निवासी खंडोबा मंदिर के पास, रतनपुर को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 20 पाव देशी प्लेन शराब और 10 पाव गोवा अंग्रेजी शराब, कुल 5.4 लीटर शराब (कीमत लगभग 2,800 रुपये) बरामद हुई। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक स्कूटी भी जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

चकरभाठा में बाइक से ले जा रहे थे 22 लीटर महुआ शराब
इधर चकरभाठा पुलिस को सूचना मिली कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BM 7883 से ग्राम सरवानी तालाब के पास से ग्राम पोड़ी की ओर महुआ शराब लेकर जा रहे हैं। पुलिस टीम ने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर बाइक को रोका। जांच में प्लास्टिक की सीमेंट बोरी से 22 लीटर महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 4,400 रुपये है, बरामद की गई।
पुलिस ने मौके से हरप्रसाद मरावी (46) और दिलसिंह गोंड (22), दोनों निवासी ग्राम पोड़ी (स), थाना सिरगिट्टी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने शराब बिक्री के उद्देश्य से ले जाना स्वीकार किया। पुलिस ने शराब के साथ लगभग 50 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त कर दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 47 के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया।
नशे के कारोबारियों पर लगातार कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब या अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल स्थानीय थाना अथवा डायल-112 पर सूचना दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
