रवि मित्तल जाएंगे पीएमओ, जल्द मिलेगा नया जनसंपर्क आयुक्त


रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के 2016 बैच के आईएएस अधिकारी और वर्तमान जनसंपर्क आयुक्त रवि मित्तल को प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने जा रही है। उन्हें डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर नियुक्त करने के लिए बुलाया गया है। बताया जा रहा है कि पीएमओ ने उन्हें अपनी पसंद के अधिकारी के रूप में सीधे रायपुर से दिल्ली तलब किया है।
रवि मित्तल अपनी तेजतर्रार और सहज कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। पीएमओ में उनकी नियुक्ति के साथ वे छत्तीसगढ़ कैडर से वहां पदस्थ होने वाले इकलौते और अब तक के चौथे अधिकारी होंगे। इससे पहले अमित अग्रवाल, बीवीआर सुब्रह्मण्यम और रोहित यादव भी पीएमओ में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
सूत्रों के अनुसार, वित्तीय वर्ष के अंतिम 10 दिन शेष होने के कारण राज्य सरकार उन्हें करीब एक सप्ताह तक रोक सकती है। इसके बाद ही वे नई जिम्मेदारी संभालने दिल्ली रवाना होंगे।
इधर, उनके स्थान पर नए जनसंपर्क आयुक्त की नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री निवास से इस पद के लिए अधिकारियों की तलाश की जा रही है। संभावित नामों में आईएएस राहुल भगत, गौरव सिंह, रजत बंसल और पुष्पेंद्र मीणा शामिल बताए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि जो भी अधिकारी इस पद पर नियुक्त होगा, उसके 2028 तक इस पद पर बने रहने की संभावना है। ऐसे में राज्य सरकार इस अहम जिम्मेदारी के लिए काफी सोच-समझकर चयन करने की तैयारी में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!