नाली निर्माण को लेकर विवाद, पड़ोसियों में मारपीट—दोनों पक्षों पर केस दर्ज


बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र के अशोक नगर स्थित अटल आवास में गुरुवार दोपहर नाली निर्माण को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुई मारपीट में महिलाएं और पुरुष दोनों घायल हो गए। सरकंडा पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ब्लॉक नंबर 4 में रहने वाली शीतला साहू ने शिकायत में बताया कि दोपहर करीब 12 बजे नाली निर्माण को लेकर विवाद शुरू हुआ। इस दौरान पड़ोसी कौशिल्या साहू और उसके बेटे दया शंकर साहू ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि कौशिल्या ने पास पड़े पत्थर से शीतला के सिर पर वार किया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पति बैतल साहू के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।
वहीं, दूसरे पक्ष की कौशिल्या साहू ने भी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान बैतल साहू और उनकी पत्नी शीतला साहू ने उन पर हमला किया। कौशिल्या के अनुसार, बैतल ने नुकीली वस्तु से उनके सिर पर वार किया और कमर में चोट पहुंचाई। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बेटे दया शंकर के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उसकी उंगलियों में चोट आई है।
मामले में सरकंडा पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अपराध दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। घटना के प्रत्यक्षदर्शी लक्की यादव सहित अन्य पड़ोसियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!