रतनपुर में तेज रफ्तार पिकअप ने एसडीएम की कार को मारी टक्कर, ट्रेनी आईएएस बाल-बाल बचे


बिलासपुर। रतनपुर क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब तेज रफ्तार पिकअप ने ट्रेनी आईएएस एवं कोटा एसडीएम अरविंथ कुमारन टी की कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में एसडीएम और उनके गनमैन बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार एसडीएम अरविंथ कुमारन टी नवरात्र पर्व के दौरान महामाया देवी मंदिर में व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे थे। निरीक्षण और देवी दर्शन के बाद वे कोटा लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार रतनपुर बस स्टैंड के पास पहुंची ही थी कि सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया।


पुलिस के मुताबिक आरोपी चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!