घर में घुसकर मारपीट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

शशि मिश्रा


जांजगीर-चांपा। घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट करने के मामले में चांपा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
मामले की जानकारी के अनुसार प्रार्थी प्रलय भरत वसावे (16 वर्ष), निवासी निजामपुर (महाराष्ट्र) हाल मुकाम गनियारी बिलासपुर ने 15 मार्च 2026 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह अपने फुफा राजेश वाल्टर के साथ उनके पैतृक निवास मिशन फाटक के पास आया हुआ था। इसी दौरान कुछ लोग घर के सामने हंगामा कर रहे थे। पूछने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए आरोप लगाया कि उनके बैनर-पोस्टर फाड़ दिए गए हैं और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्का, लात और डंडे से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान प्रार्थी के फुफा राजेश वाल्टर के साथ भी मारपीट की गई।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 113/26 दर्ज कर धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान घायलों का मेडिकल परीक्षण और एक्स-रे कराया गया, जिसमें फ्रैक्चर की पुष्टि होने पर तथा घटना घर के भीतर घटित होने के कारण प्रकरण में धारा 333 और 117(2) भी जोड़ी गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की तलाश कर संजीव विश्वकर्मा और आशीष बरेठ उर्फ सोनू को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया और मारपीट में प्रयुक्त डंडा भी पुलिस के सामने पेश किया, जिसे जब्त कर लिया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर संजीव विश्वकर्मा (35 वर्ष) निवासी लछनपुर चौक केराझरिया दुर्गा मंदिर के पास थाना जांजगीर तथा आशीष बरेठ (24 वर्ष) निवासी शंकर नगर वार्ड क्रमांक 27 चांपा को 20 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक उमेंद्र मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक भुवनेश्वर राठौर एवं थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!