
यूनुस मेमन

रतनपुर। बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे रतनपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय स्कूली छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान वार्ड क्रमांक 7, साधीपारा निवासी जयवंत पटेल (पिता राम किशोर पटेल) के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जयवंत पटेल रतनपुर स्थित भेड़िमुड़ा क्रमांक 2 स्कूल में कक्षा सातवीं का छात्र था। वह रोज की तरह साइकिल से स्कूल जा रहा था। इसी दौरान साधीपारा पेट्रोल पंप के पास मुख्य सड़क पार करते समय रतनपुर से पाली की ओर जा रही वीरक बस (क्रमांक CG12X 0440) ने उसे टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बिलासपुर रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा बस चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को और सख्त किया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

