बिलासपुर: 4 साल बाद फरार NDPS आरोपी गिरफ्तार, कटनी से पकड़ा गया

अंतर्राज्यीय नशीला सिरप सप्लायर
बिलासपुर पुलिस को नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने वर्ष 2022 से फरार चल रहे एक अंतर्राज्यीय नशीले कफ सिरप सप्लायर को मध्यप्रदेश के कटनी से गिरफ्तार किया है।
मामले की जानकारी के अनुसार, 12 सितंबर 2022 को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी धर्मेन्द्र गेंदले के कब्जे से 120 नग नशीला कफ सिरप (KOP FREE) बरामद किया था। इस पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22, 29 के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।
पूछताछ में धर्मेन्द्र ने बताया था कि वह नशीला सिरप कटनी निवासी दिलीप भाउ से लाकर बेचता था। इसके बाद से ही पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
लगातार पतासाजी के बाद 16 मार्च 2026 को पुलिस ने आरोपी दिलीप कुमार वीरवानी उर्फ दिलीप भाउ (55 वर्ष) को कटनी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बिलासपुर लाकर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अंतर्राज्यीय स्तर पर नशीले कफ सिरप की सप्लाई करता था और छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति करता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच जारी है और जल्द ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!