

बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र स्थित सिंह ढाबा में शनिवार देर रात कुछ नशे में धुत युवकों ने जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। पूरी घटना ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 10 से 11 बजे के बीच 5 से 6 युवक अचानक सिंह ढाबा पहुंचे और वहां लगे शटर को लात मारकर हंगामा करने लगे। इस दौरान उन्होंने ढाबे में रखे सामान को भी नुकसान पहुंचाया।
घटना का पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि इस मामले में अब तक थाना कोनी में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और संबंधित युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कोनी क्षेत्र में देर रात होटल और ढाबों के आसपास अक्सर नशे में युवक-युवतियों का जमावड़ा लगा रहता है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में रात के समय नियमित पुलिस गश्त नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं।
