सकरी हत्याकांड , पुलिस को युवक के हम प्याला फरार साथियों पर ही संदेह


बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद से दो संदेही फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने एक संदेही का मोबाइल ट्रेस किया है, लेकिन फिलहाल वह बंद बताया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार संबलपुरी निवासी सतीश कौशिक (27) पेंटिंग का काम करता था। शनिवार सुबह वह घर से काम पर जाने के लिए निकला था, लेकिन अपने कार्यस्थल तक नहीं पहुंचा। दोपहर करीब 12 बजे गांव के बाहर उसकी लाश मिली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जांच के दौरान सामने आया है कि सतीश काम पर जाने के बजाय अपने दो साथियों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। दोपहर तक उसे दोनों के साथ देखा गया था। घटना के बाद से दोनों संदेही फरार हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार तीनों मजदूरी के लिए दूसरे राज्य गए थे और हाल ही में वापस लौटे थे। फिलहाल पुलिस दोनों संदेहियों की तलाश में जुटी हुई है और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!