उज्जैन दर्शन गए किराना व्यवसायी के सूने घर में चोरी, सोने-चांदी के जेवर पार


बिलासपुर। परिवार के साथ उज्जैन दर्शन के लिए गए एक किराना व्यवसायी के सूने मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम कुकुर्दीकेरा का है।
जानकारी के अनुसार ग्राम कुकुर्दीकेरा निवासी किराना दुकान संचालक प्रमोद जायसवाल 8 मार्च की सुबह करीब 9 बजे अपने परिवार के साथ दर्शन के लिए उज्जैन गए थे। इस दौरान उनका घर बंद था। सूना मकान देखकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
13 मार्च की सुबह जब परिवार वापस लौटा तो घर के मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटी हुई मिली और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे एक सोने का हार, दो सेट कंगन, दो मंगलसूत्र, तीन अंगूठियां, तीन कान के टॉप्स, मांग का टीका, नथिया, तीन चांदी की पायल और एक चांदी का कमरबंद चोरी कर लिया।
पुस्तैनी गहने थे
पीड़ित प्रमोद जायसवाल ने पुलिस को बताया कि चोरी हुए अधिकांश गहने उनकी मां ने उनकी पत्नी को दिए थे। ये पुस्तैनी गहने थे और कम उपयोग होने के कारण उन्हें सुरक्षित रखने के लिए अलमारी के लॉकर में रखा गया था। पुलिस के अनुसार गहनों की पुरानी कीमत करीब 70 हजार रुपए बताई गई है, लेकिन वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार उनकी कीमत 4 से 5 लाख रुपए तक हो सकती है।
डॉग स्क्वायड भी पहुंचा, नहीं मिला सुराग
घटना की सूचना मिलने पर छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने स्निफर डॉग की मदद भी ली, लेकिन इससे कोई खास सुराग नहीं मिल सका।
फिलहाल पचपेड़ी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!