बिलासपुर सिंधी समाज ने कराया ‘केरला स्टोरी-2’ का नि:शुल्क प्रदर्शन, लव जिहाद से बेटियों को जागरूक करने का प्रयास


बिलासपुर। समाज में बढ़ती चुनौतियों और विशेष रूप से लव जिहाद के प्रकोप को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सिंधी सेंट्रल पंचायत बिलासपुर द्वारा विशेष आयोजन किया गया। इस पहल के तहत समाज की 550 से अधिक बालिकाओं और मातृशक्ति को The Kerala Story 2 फिल्म का नि:शुल्क प्रदर्शन कराया गया। कार्यक्रम का आयोजन शहर के 36 मॉल बिलासपुर में किया गया।


आयोजकों के अनुसार इस फिल्म के माध्यम से बेटियों और महिलाओं को सतर्क रहने तथा सामाजिक चुनौतियों को समझने का संदेश देने का प्रयास किया गया। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि यह आयोजन सनातन संस्कृति, सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया है, ताकि समाज की बेटियां किसी भी प्रकार के छल-कपट या बहकावे का शिकार न बनें।


कार्यक्रम की शुरुआत सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान झूलेलाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर समाज की सुख-समृद्धि, एकता और सामाजिक सद्भाव की कामना की।
इस अवसर पर सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष विनोद मेघानी, सेंट्रल सिंधी युवा विंग के अध्यक्ष रॉबिन वाधवानी, कार्यकारी अध्यक्ष पवन वाधवानी सहित युवा विंग के पदाधिकारी नवीन लालवानी, विजय वाधवानी, मनोज मनसुखानी, सुनील आहूजा और जगदीश जज्ञासी उपस्थित रहे।
वहीं सेंट्रल सिंधी महिला विंग की ओर से गरिमा शाहनी, भारती सचदेव, प्राची भकतानी, नीतू खुशलानी, ज्योति पंजाबी और आरती मनवानी की भी सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम में वंदे मातरम् मित्र मंडल के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र जैन, डॉ. विनोद तिवारी और डॉ. जयसिंह चंदेल सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
आयोजन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि समाज को अपनी बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और जागरूकता को लेकर सजग रहना होगा। फिल्म के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि युवा पीढ़ी किसी भी प्रकार के भ्रम, लालच या दबाव में आने से पहले सतर्क रहे और परिवार तथा समाज के मूल्यों को समझे।
कार्यक्रम के अंत में समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज में एकता, संस्कृति और नैतिक मूल्यों को मजबूत किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!