बिलासपुर में युवक की संदिग्ध मौत, खेत में खून से लथपथ मिली लाश; हत्या की आशंका


बिलासपुर जिले में एक युवक की खून से लथपथ लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से हमले के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना सकरी थाना क्षेत्र की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सतीश कौशिक (26) पिता भीष्म कौशिक, निवासी ग्राम संबलपुरी के रूप में हुई है। वह पेशे से पेंटिंग का काम करता था और रोजाना काम के लिए बिलासपुर आता-जाता था। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह वह काम पर जाने के बजाय दोस्तों के साथ शराब पीकर घूम रहा था।
जानकारी के मुताबिक शनिवार दोपहर करीब 12 बजे तक वह अपने एक दोस्त के साथ देखा गया था, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। कुछ समय बाद गांव के पास बायपास रोड किनारे एक खेत में उसकी खून से लथपथ लाश पड़ी मिली। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सतीश की लाश अर्धनग्न अवस्था में मिली है और उसके सिर व चेहरे पर गंभीर चोट के निशान हैं। आशंका जताई जा रही है कि धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या की गई है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और सर्च डॉग को भी मौके पर बुलाया है। वहीं मृतक के साथ शराब पीकर घूमने वाले युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि प्रथमदृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा पुलिस ने किया है। पुलिस के लिए भी यह जांच का विषय है कि आखिर युवक को नंगा करके क्यों मारा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!