
बिलासपुर। शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए नगर पालिक निगम बिलासपुर द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में निगम की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने व्यापार विहार क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए तीन दुकानों से करीब 300 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया और संबंधित व्यापारियों पर 13 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
स्वास्थ्य अधिकारी प्रवेश कश्यप के नेतृत्व में निगम की टीम ने व्यापार विहार स्थित विभिन्न दुकानों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अमर ट्रेडर्स, श्री गणेश ट्रेडर्स और नानक ट्रेडर्स में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का भंडारण पाया गया। टीम ने मौके पर ही प्लास्टिक जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण और जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। इसके उपयोग से नालियों में जाम की समस्या बढ़ती है तथा कचरा प्रबंधन व्यवस्था भी प्रभावित होती है। इसी कारण शासन द्वारा इसके उपयोग, बिक्री और भंडारण पर प्रतिबंध लगाया गया है।
नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों और व्यापारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों एवं नागरिकों से कपड़े, जूट तथा अन्य पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को अपनाने की अपील की।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए नियमित जांच और कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया गया है।
