
शशि मिश्रा

शहडोल से नागपुर की ओर जा रही एक्सप्रेस के पहिए अचानक बेपटरी होने से अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान अचानक कोच के पटरी से उतरने के कारण डरे सहमे यात्री इमरजेंसी खिड़की और दरवाजे से अपनी जान बचाने के लिए कूद गए।
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बेपटरी हुए कोच को पटरी पर लाकर रवाना कर दिया। दूसरी ओर घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने जांच टीम बना दी है, जिसकी रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई करने का निर्णय
लिया गया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन में ट्रेन हादसा कम होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। प्रतिमाह कोई न कोई मालगाड़ी के साथ यात्री गाड़ी बेपटरी हो रही है, जिससे ट्रेन यातायात तो प्रभावित हो रहा है। वहीं रेलवे को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसी तरह का हादसा शुक्रवार की दोपहर एसईसीआर के नैनपुर रेलखंड पर हुआ। एसईसीआर बिलासपुर डिवीजन की ट्रेन शहडोल से नागपुर जाने वाली एक्सप्रेस 11754 के पहिए अचानक बेपटरी हो गए। यह घटना नैनपुर और खैररांजी रेलवे स्टेशन के बीच जंगल में हुई। इस दौरान ट्रेन की रफ्तार काफी कम थी, जिसके कारण भीषण दुर्घटना होने से
बच गई। बेपटरी हुआ कोच पीछे एसएलआर से लगा हुआ था। अचानक कोच के पटरी से उतरने के कारण यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। जोरदार झटके के बाद यात्री खिड़की और गेट के दरवाजे से नीचे कूदकर अपनी जान बचाने में लग गए। घटना की सूचना मिलते ही एसईसीआर जोन और डिवीजन के अफसरों व कर्मचारियों में हड़कंच मच गया। तत्काल विभागीय तकनीकी टीम और एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन मौके पर रवाना की गई। यात्रियों में केवल एक महिला को मामूली चोट पहुंची थी। वहीं क्षतिग्रस्त हुए कोच को छोड़कर बाकी अन्य कोच को दो घंटे बाद आगे रवाना कर दिया गया।
