नगर निगम बिलासपुर में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, जोन कमिश्नरों और प्रमुख शाखाओं के प्रभार बदले

बिलासपुर। नगर पालिक निगम बिलासपुर में प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने व्यापक कार्य विभाजन आदेश जारी किया है। आदेश के तहत निगम के विभिन्न जोनों के कमिश्नरों के प्रभार में बदलाव किया गया है, वहीं स्वास्थ्य, स्थापना, स्वच्छता सर्वेक्षण, स्टोर, उद्यान, पेंशन और भविष्य निधि जैसी महत्वपूर्ण शाखाओं की जिम्मेदारियां भी पुनः निर्धारित की गई हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

नए आदेश के अनुसार मधुलिका सिंह को जोन क्रमांक-6 से स्थानांतरित कर जोन क्रमांक-1 का प्रभार सौंपा गया है। वहीं प्रवीण शर्मा को जोन क्रमांक-7 से हटाकर जोन क्रमांक-2 का जोन कमिश्नर बनाया गया है।

प्रवेश कश्यप को जोन क्रमांक-5 से जोन क्रमांक-3 की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही उन्हें स्वास्थ्य अधिकारी, उप आयुक्त (स्थापना) तथा स्वच्छता सर्वेक्षण एवं सिटी 2.0 से संबंधित कार्यों का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।

इसी प्रकार विभा सिंह को जोन क्रमांक-8 से जोन क्रमांक-4 का प्रभार दिया गया है। वहीं सवीना अनंत को जोन क्रमांक-5 का जोन कमिश्नर नियुक्त किया गया है। उनके पास संजय तरण पुष्कर और उद्यान शाखा का दायित्व भी यथावत रहेगा।

सागर राज को जोन क्रमांक-4 से स्थानांतरित कर जोन क्रमांक-6 की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि भूपेंद्र उपाध्याय को जोन क्रमांक-2 से जोन क्रमांक-7 का प्रभार सौंपा गया है। रंजना अग्रवाल को जोन क्रमांक-1 से जोन क्रमांक-8 का दायित्व दिया गया है।

उप आयुक्त दीपिका भगत को उनके वर्तमान कार्यों के अतिरिक्त स्टोर शाखा, भविष्य निधि शाखा, पेंशन शाखा तथा खाद्य शाखा की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

वहीं कार्यपालन अभियंता प्रवीण शुक्ला को जोन क्रमांक-3 और जोन क्रमांक-7 में कार्यपालन अभियंता के रूप में अतिरिक्त दायित्व प्रदान किया गया है।

निगम प्रशासन के अनुसार यह फेरबदल प्रशासनिक कसावट लाने, कार्यों के बेहतर संचालन और विभिन्न शाखाओं एवं जोनों के बीच समन्वय मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अधिकारियों को सौंपे गए सभी नए दायित्व आगामी आदेश तक प्रभावी रहेंगे तथा इन्हें तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!