
शशि मिश्रा

रतनपुर वन परिक्षेत्र के आठा बीसा तालाब में एक मगरमच्छ जाल में फंस गया, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। वहीं सूचना मिलने के बाद पहुंची वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर छोड़ दिया गया।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार तालाबों की नगरी रतनपुर में शुक्रवार की सुबह हड़कंप मच गया, जब आठा बीसा तालाब में मछली पकड़ने के दौरान मछुओं के जाल में एक बड़ी मगरमच्छ फंस गया। मगरमच्छ को देखने के लिए मौके पर लोगों की काफी भीड़ एकत्रित होने लगी। सुबह कुछ मछुआरे प्रतिदिन की तरह तालाब में जाल डालकर मछली निकाल रहे थे। अचानक उनका
जाल असामान्य रूप से भारी हो गया। मछुओं ने जाल को खींचकर बाहर निकाला तो उसमें एक विशाल मगरमच्छ फंसा हुआ दिखा। मगरमच्छ की लंबाई 7 से 8 फीट की थी। अचानक मगरमच्छ को देखकर मछुआरे और आसपास मौजूद लोग घबरा गए।
भीड़ बढ़ते देख स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग की टीम को दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सावधानीपूर्वक रेस्क्यू कर मगरमच्छ को अपने कब्जे में लिया। टीम ने सुरक्षा के साथ
मगरमच्छ को जाल से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर उसके स्वास्थ्य की जांच करने के बाद उपयुक्त प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा।
