बिलासपुर: मोपका चौक पर खतरनाक नाले में पलटी कार, युवाओं ने शीशा तोड़कर बचाई चालक की जान

शशि मिश्रा


बिलासपुर के मोपका चौक पर शुक्रवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब निगम के विवादित कॉम्प्लेक्स के सामने स्थित खतरनाक नाले में कार क्रमांक CG10 AN 6083 अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार पूरी तरह उलट गई और उसके चारों चक्के ऊपर हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार सड़क किनारे बने गहरे नाले में जा गिरी। नाला सड़क के बिल्कुल किनारे होने के बावजूद वहां न तो कोई चेतावनी संकेतक लगा है और न ही सुरक्षा के लिए बैरिकेड या रेलिंग की व्यवस्था की गई है। बताया जा रहा है कि इसी खतरनाक नाले में इससे पहले भी 3-4 हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग ने अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की है।


हादसे के समय कार के अंदर चालक फंस गया था। मौके पर मौजूद स्थानीय युवाओं ने तुरंत साहस दिखाते हुए कार का शीशा तोड़ा और चालक को बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय युवाओं सीतेश दर्वे, रवि यादव और अन्य लोगों ने तुरंत मदद करते हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। उनकी सतर्कता और बहादुरी के कारण चालक की जान बच गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे बने इस खतरनाक नाले के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन इसके बावजूद न तो संकेतक लगाए गए हैं और न ही सुरक्षा के लिए कोई घेराबंदी की गई है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि यहां जल्द से जल्द सुरक्षा इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!