
शशि मिश्रा

जांजगीर-चांपा जिले में सामने आए एक मामले में युवक की आत्महत्या के पीछे फर्जी पुलिस बनकर फोन से धमकाने की सच्चाई सामने आई है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 13 मार्च 2026 को एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ, जिसमें सनत कुमार कश्यप (25 वर्ष), पिता धनीराम कश्यप, निवासी चोरभट्टी थाना मुलमुला जिला जांजगीर-चांपा, जो वर्तमान में अशोक लीलैंड वर्कशॉप ग्राम पताढी थाना उरगा में रह रहा था, आत्महत्या से पहले वीडियो में यह कहते दिखाई दिया कि उसे जांजगीर-चांपा जिले के बलोदा थाना अंतर्गत पंतोरा चौकी से फोन कर गाली-गलौच करते हुए प्रताड़ित किया गया। वीडियो में उसने इस प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात कही थी।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और जांजगीर-चांपा पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान जो तथ्य सामने आए, उससे पूरी घटना की असल वजह स्पष्ट हो गई।

पुलिस जांच में पता चला कि सचिन खरे (30 वर्ष), पिता मुकुंदराम खरे, निवासी ग्रेवरा बस्ती कोरबा की सगी बहन स्नेहा खरे (21 वर्ष) 12 मार्च 2026 को कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद सचिन खरे ने अपनी बहन की तलाश शुरू की। पता चला कि वह धीरेन्द्र पाटले, जो सचिन खरे के मामा का लड़का है, उसके साथ गई है।
इस बात से नाराज होकर सचिन खरे ने धीरेन्द्र पाटले के दोस्त और रूम पार्टनर सनत कश्यप को डराने की योजना बनाई। उसने अपने भाई मामा के लड़के शैलेन्द्र पाटले के मोबाइल नंबर 9669715797 से सनत कश्यप के मोबाइल नंबर 6267237268 पर कॉल किया और खुद को पंतोरा चौकी का पुलिसकर्मी बताते हुए गाली-गलौच की तथा उसे थाने आने के लिए कहा।
फर्जी पुलिस बनकर दी गई इस धमकी से सनत कश्यप घबरा गया और डर के कारण उसने उरगा चौकी क्षेत्र में आत्महत्या कर ली।
जांच के दौरान जांजगीर-चांपा पुलिस ने आरोपी सचिन खरे को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद थाना बलोदा में धारा 204 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी की बहन स्नेहा खरे की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना कुसमुंडा जिला कोरबा में दर्ज है, जिसकी अलग से जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
