
शशि मिश्रा

जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में नवविवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए पति समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार नवविवाहिता ने 11 फरवरी 2026 की रात घर में साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतिका के परिजनों के बयान में सामने आया कि 16 अप्रैल 2025 को सामाजिक रीति-रिवाज से उसकी शादी धर्मेन्द्र निर्मलकर के साथ हुई थी। शादी के दो महीने बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग दहेज में मोटरसाइकिल की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे थे।
मामले में पुलिस ने पति धर्मेन्द्र निर्मलकर (30), सास शिव कुमारी निर्मलकर (48), देवर मनोज निर्मलकर (27) निवासी राहौद तथा मौसी सास तेरस बाई निर्मलकर (37) निवासी खोखरी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में नवविवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित करने की पुष्टि होने पर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में सीएसपी योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, एएसआई रामप्रसाद बघेल, आरक्षक विवेक ठाकुर, नितिन द्विवेदी, दिनेश चौहान, यशवंत पाटले और महिला आरक्षक अंजिमा बंजारे का विशेष योगदान रहा।
