नेहरू चौक से दर्रीघाट तक बनेगी चौड़ी सड़क, कब्जेदारों के चबूतरे हटाए जाएंगे,निगम कमिश्नर ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ किया निरीक्षण, जल्द जारी होगा वर्क ऑर्डर

बिलासपुर। शहर में यातायात सुविधा को बेहतर बनाने के लिए नेहरू चौक से दर्रीघाट तक डामरीकरण और फोरलेन सड़क निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है। नगर निगम कमिश्नर ने शनिवार को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों के साथ सड़क मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर नालियों पर पक्के चबूतरे और अतिक्रमण पाए गए, जिनके कारण जल निकासी बाधित हो रही है।

निरीक्षण के दौरान निगम कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य से पहले दुकानदारों को नोटिस देकर नालियों पर बनाए गए चबूतरे और अन्य अतिक्रमण हटवाए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को विशेष रूप से गणपति आर्ट गोलबाजार, मिश्रा पुस्तकालय, संतोष ज्वेलर्स, सोनी ज्वेलर्स, पुस्तक भवन, चंद्रा एकेडमी, गुरु कृपा पाइप ट्रेडर्स, तुलसी होटल, और लूथरा टिंबर्स से जगमल चौक तक के क्षेत्र में सतर्कता बरतने को कहा।

कमिश्नर ने यह भी कहा कि निर्माण से पूर्व सर्वे कर यह सुनिश्चित किया जाए कि कहां पानी रुकता है और किन स्थानों पर नालियों की सफाई या पुनर्निर्माण की आवश्यकता है। लूथरा टिंबर्स के पास जल निकासी की समस्या को देखते हुए अधिकारियों को तत्काल सफाई और सुधार के निर्देश दिए गए हैं।

3.86 किमी सड़क होगी फोरलेन, बीच में बनेगा डिवाइडर
नेहरू चौक से दर्रीघाट तक कुल 3.86 किलोमीटर सड़क को पूरी तरह से उखाड़कर चौड़ा किया जाएगा। दोनों ओर 7-7 मीटर चौड़ी सड़क बनाई जाएगी और बीच में डिवाइडर भी रहेगा। यह सड़क नेशनल हाइवे-49 का हिस्सा है, जिसे कुछ समय पहले नगर निगम सीमा के अंतर्गत आने के बाद पीडब्ल्यूडी को हैंडओवर किया गया था।

वर्क ऑर्डर पर जल्द फैसला
फोरलेन निर्माण का वर्क ऑर्डर फिलहाल टेंडर समिति के पास है। निगम अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही समिति की बैठक में निर्णय लेकर वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा। फिलहाल गांधी चौक से लालखदान तक की सड़क फोरलेन है, लेकिन आगे दर्रीघाट तक सड़क संकरी होने से दुर्घटना की संभावना बनी रहती थी। नई सड़क बनने से शहर और मस्तूरी की ओर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!