

बिलासपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर स्वयं सिद्धा फाउंडेशन के तत्वावधान में शहर के एक निजी होटल में महिला दिवस एवं होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर सीएचएमओ डॉ. सुधा गढ़ेवाल रहीं। वहीं सीएमडी कॉलेज की अध्यक्ष की पत्नी श्रद्धा संजय दुबे, रितु शैलेश पांडे, स्मृति तिलक श्रीवास, आशा अग्रवाल, योगिता आनंद श्रीवास और डॉ. रश्मि शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर श्रद्धा संजय दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं ने समाज में लंबा और प्रेरणादायी सफर तय किया है। सफलता प्राप्त करने के लिए मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास बेहद आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं से अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि डॉ. सुधा गढ़ेवाल ने कहा कि आज के समय में महिलाओं के लिए हर क्षेत्र में अवसर बढ़ रहे हैं और उन्हें नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने स्वयं सिद्धा फाउंडेशन द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
रितु शैलेश पांडे ने महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए महिलाओं का सशक्तिकरण अत्यंत आवश्यक है। वहीं डॉ. रश्मि शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं घर के साथ-साथ राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता को लेकर चर्चा की गई तथा सामाजिक चुनौतियों से जुड़े विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। बांसुरी वादन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को और भी आकर्षक बना दिया।
स्वयं सिद्धा फाउंडेशन के अध्यक्ष चंचल सलूजा ने कहा कि संस्था महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रहे है और महिलाओं की हर संभव सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में तारिणी शुक्ला, अंकिता शुक्ला, अजीता पांडे, ममता मिश्रा, प्रतिज्ञा सिंह, निहारिका त्रिपाठी, वर्षा भास्कर, अरुणिमा मिश्रा, मीना सलूजा, मोनिका लाम्बा, डॉ. प्रकृति वर्मा, दीप्ति प्रवेश तिवारी, रितु झा, डॉ. गरिमा तिवारी, डॉ. चांदनी गुप्ता, सुलंगना प्रसाद, रोटरी अध्यक्ष क्वीन सीमा ठाकुर, किरण सिंह, नीतू स्वर्णकार, गुंजन अग्रवाल, बिंदु कुशवाहा, बबिता तिवारी, गरिमा सराफ, कंचन अनंत, एकता आर्य, पूजा तिवारी, अभिनेत्री सोनाली सिहरे, प्रियंका देवांगन, कवि मारिया कायनात, विमला रजक, रितु साहू, सिमरन कौर, श्वेता सिंह सहित अनेक लोग शामिल रहे।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण प्रस्तुत किया गया। मंच संचालन अभिलाषा झा ने किया, जबकि अंत में रितु साहू ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।
