सूने मकान में चोरी का खुलासा, 9.54 लाख के जेवर व स्कूटी बरामद; तीन आरोपी गिरफ्तार

शशि मिश्रा


जांजगीर-चांपा। जांजगीर क्षेत्र में सूने मकान में हुई चोरी के मामले में साइबर थाना और जांजगीर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और चोरी में प्रयुक्त स्कूटी समेत कुल 9 लाख 54 हजार रुपये का सामान बरामद किया है। मामले में एक नाबालिग भी शामिल बताया गया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने 26 फरवरी की रात बिलासपुर से जांजगीर पहुंचकर नहर किनारे स्थित एक सूने मकान की रेकी की। इसके बाद निर्माणाधीन मकान से लोहे की रॉड लेकर दीवार फांदकर घर में घुसे और दरवाजे व अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी कर ली। चोरी के बाद आरोपी सुनसान मैदान में पहुंचकर नगदी आपस में बांटकर स्कूटी से वापस बिलासपुर लौट गए।
जांच के दौरान साइबर टीम ने घटना स्थल और आसपास के करीब 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे आरोपियों तक पहुंचने में अहम सुराग मिला। पुलिस ने जीत कुमार सूर्यवंशी (22) निवासी तोरवा बिलासपुर, गीता प्रसाद साहू (37) निवासी देवरीखुर्द बिलासपुर और सूरज सोनी (34) निवासी गुड़ीपारा खरौद को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 50 ग्राम सोना, 796 ग्राम चांदी, 3600 रुपये नगद और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। चोरी के चांदी के आभूषणों को बेचने में आरोपियों की भूमिका सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप के मार्गदर्शन में साइबर थाना व जांजगीर पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। मामले की आगे जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!