

प्रवीर भट्टाचार्य

बिलासपुर। शहर के प्रतिष्ठित चौकसे परिवार की बहू एंजेल चौकसे ने अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता ‘Mrs India International Queen 2026’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘Mrs India International Queen Alluring 2026’ का खिताब अपने नाम कर बिलासपुर और पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। अपनी आकर्षक व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और मेहनत के दम पर एंजेल ने यह साबित कर दिया कि सपनों की कोई उम्र नहीं होती और यदि संकल्प मजबूत हो तो हर मंजिल हासिल की जा सकती है।

एंजेल केवल अपनी खूबसूरती के कारण ही नहीं, बल्कि अपने सरल स्वभाव, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व के कारण भी हमेशा चर्चा में रही हैं। कॉलेज के दिनों से ही वे अपनी प्रतिभा और सौंदर्य के लिए जानी जाती थीं। उस समय उन्होंने ‘मिस होम साइंस’ का खिताब भी जीता था। हालांकि विवाह और पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते उनका यह सपना कुछ समय के लिए पीछे जरूर छूट गया, लेकिन कभी समाप्त नहीं हुआ।

छत्तीसगढ़ से केवल दो प्रतिभागी, बिलासपुर से थीं अकेली प्रतिनिधि
इस वर्ष आयोजित Mrs India International Queen 2026 प्रतियोगिता में पूरे छत्तीसगढ़ से केवल दो प्रतिभागियों का चयन हुआ था, जिनमें बिलासपुर का प्रतिनिधित्व करने वाली एकमात्र प्रतिभागी एंजेल चौकसे थीं। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशों में रहने वाली भारतीय महिलाओं ने भी हिस्सा लिया। सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, दुबई, कतर, अमेरिका और लंदन सहित कई देशों से प्रतिभागियों की मौजूदगी ने प्रतियोगिता को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप दिया।
संयुक्त परिवार की जिम्मेदारियों के बीच पूरा किया सपना

बिलासपुर के होटल व्यवसाय से जुड़े प्रतिष्ठित चौकसे परिवार के रितेश चौकसे की पत्नी 42 वर्षीय एंजेल चौकसे संयुक्त परिवार की लाडली बहू हैं। उनकी 21 वर्षीय बेटी वीनस चौकसे वर्तमान में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं।

एंजेल बताती हैं कि जब बेटी बड़ी हो गई और पारिवारिक जिम्मेदारियां कुछ हल्की हुईं, तब उन्होंने अपने पुराने सपने को फिर से जीने का फैसला किया। प्रतियोगिता की जानकारी मिलने पर उन्होंने अपने पति रितेश चौकसे से इसकी चर्चा की। पति ने हमेशा की तरह उनका मनोबल बढ़ाया और केवल प्रोत्साहित ही नहीं किया, बल्कि तैयारी से लेकर प्रतियोगिता तक हर कदम पर उनके साथ खड़े रहे। एंजेल का कहना है कि पति के विश्वास और सहयोग ने ही उनके सपनों को नई उड़ान दी।

एक वर्ष की कड़ी मेहनत लाई सफलता
एंजेल पिछले एक वर्ष से इस प्रतियोगिता की तैयारी कर रही थीं। उन्होंने अपनी फिटनेस के साथ-साथ अनुशासन और मानसिक मजबूती पर विशेष ध्यान दिया। नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, कैटवॉक, ग्रूमिंग, पब्लिक स्पीकिंग और व्यक्तित्व विकास पर लगातार मेहनत की।
दिल्ली के होटल लीला इंटरनेशनल में आयोजित पांच दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान हर दिन सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक लगातार विभिन्न राउंड आयोजित किए जाते थे। इनमें कैटवॉक, टैलेंट राउंड, इंट्रोडक्शन, प्रश्नोत्तर, ग्रूमिंग, पर्सनैलिटी असेसमेंट सहित कई चुनौतीपूर्ण चरण शामिल थे। प्रत्येक राउंड के साथ प्रतियोगिता का स्तर और कठिन होता गया, लेकिन एंजेल ने आत्मविश्वास, संयम और बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर सभी चरण सफलतापूर्वक पार करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया।
खिताब के साथ मिले जीवन के अनमोल अनुभव
शनिवार को बिलासपुर के एक होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एंजेल चौकसे ने कहा कि इस प्रतियोगिता ने उन्हें केवल एक ताज ही नहीं दिया, बल्कि जीवन के अनेक महत्वपूर्ण अनुभव भी दिए हैं।

उन्होंने बताया कि अलग-अलग देशों से आई प्रतिभागियों की संस्कृति, सोच, आत्मविश्वास और जीवनशैली को करीब से समझने का अवसर मिला। प्रतियोगिता के दौरान दुबई की एक प्रतिभागी उनकी अच्छी मित्र भी बन गई, जिससे यह अनुभव और यादगार बन गया।
एंजेल ने कहा कि ‘Mrs India International Queen Alluring 2026’ का यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पूरे बिलासपुर और छत्तीसगढ़ का सम्मान है। उन्हें गर्व है कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने शहर का नाम रोशन करने का अवसर मिला। इस उपलब्धि का श्रेय उन्होंने अपने पति रितेश चौकसे, बेटी वीनस चौकसे, माता-पिता, सास-ससुर, मित्रों और शुभचिंतकों को दिया, जिनके सहयोग और विश्वास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
नरसिंहपुर से बिलासपुर तक प्रेरणा की मिसाल
मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर में जन्मी एंजेल चौकसे आज उन महिलाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं, जो ग्लैमर और ब्यूटी वर्ल्ड में अपनी पहचान बनाना चाहती हैं। उनका स्पष्ट मानना है कि “सपनों की कोई उम्र नहीं होती। यदि आपके भीतर जुनून, मेहनत और आत्मविश्वास है तो जीवन के किसी भी पड़ाव पर अपने सपनों को साकार किया जा सकता है।”
फिल्मों और रैंप के ऑफर, लेकिन फैसला सोच-समझकर
इस प्रतिष्ठित खिताब के बाद एंजेल चौकसे को ब्रांड एंडोर्समेंट, रैंप वॉक और फिल्मों से जुड़े कई प्रस्ताव मिलने शुरू हो गए हैं। हालांकि उनका कहना है कि वह फिलहाल हर प्रस्ताव को गंभीरता से परख रही हैं और यदि ऑफर वास्तविक एवं उपयुक्त होंगे तो भविष्य में इस दिशा में भी आगे बढ़ने पर विचार करेंगी।
राजनीति में भी दिलचस्पी, युवाओं के मुद्दों पर रखीं बेबाक राय
एंजेल की रुचि केवल ग्लैमर तक सीमित नहीं है। उनका परिवार लंबे समय से कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ा रहा है और इसी कारण वे पिछले कई चुनावों में कांग्रेस के लिए चुनावी अभियान भी चला चुकी हैं।
वर्तमान में चल रहे जंतर-मंतर आंदोलन पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि पेपर लीक देश के युवाओं के भविष्य से जुड़ा बेहद गंभीर विषय है। सरकार को युवाओं की भावनाओं और उनकी बदलती सोच को समझना होगा। नई पीढ़ी की कार्यशैली भले अलग हो, लेकिन उनकी अपेक्षाओं और भावनाओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
उम्र नहीं, आत्मविश्वास पहचान बनाता है
पहली नजर में एंजेल चौकसे को देखकर यह अनुमान लगाना मुश्किल है कि उनकी उम्र 42 वर्ष है। उनका व्यक्तित्व और आत्मविश्वास किसी युवा प्रतिभागी की तरह नजर आता है। यही आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच उन्हें आज इस मुकाम तक लेकर आई है।
‘Mrs India International Queen Alluring 2026’ का ताज जीतने के साथ एंजेल चौकसे ने केवल व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल नहीं की है, बल्कि बिलासपुर की उन अनगिनत महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का नया अध्याय लिखा है, जो परिवार की जिम्मेदारियों के साथ अपने सपनों को भी साकार करना चाहती हैं। उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि हौसला, मेहनत और परिवार का साथ मिले तो हर सपना हकीकत बन सकता है।
