नोवा स्पंज आयरन प्लांट में हादसा, खौलते लोहे से 4 कर्मचारी झुलसे

शशि मिश्रा


बिलासपुर। बिल्हा क्षेत्र स्थित नोवा स्पंज आयरन प्लांट में मंगलवार देर रात बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। फर्नेस सेक्शन में काम के दौरान पिघला हुआ खौलता लोहा गिरने से चार कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 1 बजे शिफ्ट बदलने के बाद ग्राम भैंसबोड़ निवासी नरेंद्र कोसले, चंद्रहास और बिहार निवासी धर्मवीर व विनय कुमार फर्नेस सेक्शन में काम कर रहे थे। इसी दौरान पिघले हुए आयरन को लैडल में डालते समय अचानक खौलता हुआ लोहा उछलकर उन पर गिर गया। गर्म लोहे की चपेट में आने से चारों कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए।


घटना के बाद मौके पर मौजूद साथियों ने तुरंत घायलों को बाहर निकालकर प्लांट में मौजूद अधिकारी की कार से प्रताप चौक स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक चारों कर्मचारी करीब 25 से 40 प्रतिशत तक झुलस गए हैं।
घायल कर्मचारी विनय कुमार ने बताया कि काम के दौरान लैडल का रिंग कट जाने से खौलता हुआ लोहा गिर गया, जिससे हादसा हुआ। कर्मचारियों ने प्लांट प्रबंधन पर बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के काम कराने का आरोप लगाया है।


घटना के बाद पुलिस और औद्योगिक सुरक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं क्षेत्र में पिछले दो वर्षों में औद्योगिक इकाइयों में कई बड़े हादसे भी सामने आ चुके हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!