

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के रिहायशी इलाके में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने चटर्जी गली स्थित एक मकान में भारी मात्रा में पटाखे छिपाकर रखे थे, जिससे सघन आबादी वाले क्षेत्र में किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी हुई थी।
पुलिस के अनुसार टाउन पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि चटर्जी गली निवासी संजय थदानी अपने घर में अवैध रूप से पटाखे जमा कर रखे हुए है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान मकान मालिक संजय थदानी और उसके व्यापारिक साझेदार रवि गिधवानी से पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर घर से बड़ी मात्रा में पटाखे बरामद हुए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
