
शशि मिश्रा

बिलासपुर। केंद्रीय जेल परिसर में बंदियों से मुलाकात के दौरान दो गुटों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार टिकरापारा निवासी अंकुश यादव (21) अपने साथियों के साथ केंद्रीय जेल में बंद रिश्तेदार से मिलने गए थे। इसी दौरान काउंटर के पास इस्माइल खान, इमरान खान, अनिकेत व अन्य लोग पहुंचे और उन्हें पुराना केस वापस लेने के लिए दबाव बनाने लगे। मना करने पर गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
वहीं दूसरे पक्ष से महिमा नगर निवासी मो. इमरान ने भी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि वे अपने रिश्तेदार बंदी से मिलने जेल गए थे, तभी अंकुश यादव, राहुल गोस्वामी, लक्ष्य गोस्वामी व अन्य लोग चेहरे पर गमछा बांधकर आए और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे।
सिविल लाइन पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351, 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ⚖️
