मेडिकल एजेंसी में कफ सिरप चोरी का खुलासा, हिस्ट्रीशीटर युवक गिरफ्तार – 96 नग सिरप बरामद

आकाश दत्त मिश्रा


लोरमी/मुंगेली। लोरमी पुलिस ने मेडिकल एजेंसी में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया 96 नग कफ सिरप भी बरामद किया गया है। घटना में एक विधि से संघर्षरत बालक की भी संलिप्तता पाई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुंगेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में थाना लोरमी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी के आरोपी को गिरफ्तार किया।
प्रार्थी मुकेश कुमार कश्यप, निवासी वार्ड क्रमांक 13 लोरमी ने थाना लोरमी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 5 मार्च 2026 की सुबह लगभग 9 बजे जब वह नए बस स्टैंड स्थित अपनी मेडिकल एजेंसी पहुंचे तो दुकान का ताला टूटा हुआ था और दुकान से RC Kuff कफ सिरप का एक कार्टून (96 नग) गायब था। अज्ञात चोर द्वारा चोरी किए जाने की शिकायत पर थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 97/2026 धारा 305 (ए), 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।


विवेचना के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें दो संदिग्ध व्यक्ति नजर आए। उनकी पहचान रिंकु कश्यप (20 वर्ष) निवासी कंकालीन पारा, वार्ड क्रमांक 04 लोरमी और एक विधि से संघर्षरत बालक के रूप में हुई। पुलिस ने रिंकु कश्यप को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने बालक के साथ मिलकर मेडिकल एजेंसी से कफ सिरप चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए 96 नग कफ सिरप बरामद कर लिए गए। पुलिस ने आरोपी रिंकु कश्यप पिता विजेंद्र कश्यप (20 वर्ष) निवासी कंकालीन पारा, लोरमी को 9 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहीं घटना में शामिल बालक के विरुद्ध किशोर न्याय बोर्ड की प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी रिंकु कश्यप थाना क्षेत्र का गैंग हिस्ट्रीशीटर है और पूर्व में हत्या के मामले में भी आरोपी रह चुका है। जमानत पर छूटने के बाद आरोपी ने नशा करने के उद्देश्य से कफ सिरप की चोरी की थी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोरमी निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव, उपनिरीक्षक मानसिंह, प्रधान आरक्षक शेषनारायण कश्यप, आरक्षक राजू साहू, ईश्वर नेताम, रेखराम नेताम तथा सैनिक कुलदीप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!