

बिलासपुर। बिलासपुर जिले के पचपेड़ी क्षेत्र में ब्लैकमेलिंग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने बच्चे के बर्थडे पार्टी के बहाने युवक को घर बुलाया, फिर उसकी महिला मित्र के साथ संबंध बनाते समय चोरी से वीडियो बना लिया और उसी के आधार पर एक लाख रुपये की मांग करने लगी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी रोशनी खुंटे (28) पति करण खुंटे, मूल निवासी हेड़सपुर थाना पामगढ़ जिला जांजगीर-चांपा है और वर्तमान में धुर्वाकारी में रह रही थी।
प्रार्थी ने 6 मार्च को थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 1 फरवरी 2026 को रोशनी खुंटे ने अपने बच्चे के जन्मदिन के बहाने उसे घर बुलाया था। उस समय उसकी महिला मित्र पहले से वहां मौजूद थी। आरोप है कि महिला ने पहले ही अपने परिवार के सदस्यों को घर से बाहर भेज दिया था और दोनों को अपने कमरे में जाने के लिए कहा।
बताया जा रहा है कि कमरे में जाने के बाद युवक और उसकी महिला मित्र के निजी पलों का आरोपी महिला ने मोबाइल छिपाकर वीडियो बना लिया। बाद में उसने युवक को वीडियो का स्क्रीनशॉट भेजकर धमकाना शुरू कर दिया और कहा कि अगर एक लाख रुपये नहीं दिए तो वीडियो वायरल कर दिया जाएगा।
लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर युवक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद आरोपी महिला कुछ समय के लिए फरार हो गई थी, लेकिन पुलिस ने उसे तलाश कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी रोशनी खुंटे के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
