
शशि मिश्रा

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा में पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 4 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार 8 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक रेलवे स्टेशन के पास एक बैग में भारी मात्रा में गांजा लेकर खड़े हैं। सूचना मिलते ही अकलतरा पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके पर घेराबंदी की।
जांच के दौरान पुलिस को दो युवक संदिग्ध हालत में मिले। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम तरुण सेन (24) निवासी रावणभाठा, गरियाबंद और प्रतीक मिश्रा (21) निवासी बिरगांव, रायपुर बताया। तलाशी लेने पर उनके पास रखे काले रंग के बैग से चार पैकेट में कुल 4 किलो गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मादक पदार्थ गांजा बेलपहाड़ से लेकर छत्तीसगढ़ में सप्लाई करने के लिए ला रहे थे। पुलिस ने जब्त गांजे को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में अकलतरा थाना में अपराध क्रमांक 129/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भास्कर शर्मा, उपनिरीक्षक बी.एल. कोसरिया, आरक्षक गौकरण राय, राजारात्रे, राज पांडे तथा रेलवे सुरक्षा बल के प्रधान आरक्षक आर.पी. द्विवेदी, सत्यम सरकार और रणवीर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
