

बिलासपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे प्रहार अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3.74 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, गांजा और नशीले पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में तखतपुर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि बड़े बाजार निवासी दुर्गेश गायकवाड़ (22) मोढ़े चौक के पास ब्राउन शुगर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा और तलाशी लेने पर उसके पास से 3.74 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह नशीला पदार्थ अप्पू देवांगन (32) निवासी देवांगन मोहल्ला तखतपुर से लिया था। इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी की तलाश शुरू की और उसे बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास से हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने दूसरे राज्य से ब्राउन शुगर लाकर दुर्गेश को बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके पास से बिक्री की बची 2000 रुपये की रकम और मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21ए, 22ए और 29 के तहत कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले में अन्य राज्यों से जुड़े तस्करों की भी तलाश कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विवेक कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक दिलाराम मनहर, एसीसीयू के उपनिरीक्षक कमलेश बंजारे सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
