
शशि मिश्रा

बिलासपुर। बिलासपुर में पुलिस ने म्यूल बैंक खाताधारक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। मामला सामने आने के बाद पुलिस बैंक खातों के लेन-देन की जांच में जुट गई है।
सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि पुलिस पोर्टल समन्वय के माध्यम से जानकारी मिली कि बैंक ऑफ महाराष्ट्र में एक संदिग्ध खाता संचालित किया जा रहा है। यह खाता तिफरा के यदुनंदनगर निवासी सैय्यद हसनैन अली पिता सैय्यद नियामत अली के नाम पर है।
पुलिस द्वारा बैंक स्टेटमेंट की जांच करने पर पता चला कि आरोपी ने अपने बैंक खाते से विभिन्न खातों में यूपीआई और एटीएम विड्रॉल के माध्यम से रकम ट्रांसफर और आहरित की है। संदेह है कि यह खाता साइबर ठगी के पैसों के लेन-देन के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।
मामले में सिरगिट्टी पुलिस ने सैय्यद हसनैन अली के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इस खाते से जुड़े अन्य लेन-देन और संभावित साइबर गिरोह की कड़ियों की भी पड़ताल कर रही है।
