
शशि मिश्रा
बिलासपुर। बिलासपुर जिले के सीपत क्षेत्र में अवैध बिजली कनेक्शन की चपेट में आने से एक बुजुर्ग महिला की मौत के मामले में पुलिस ने जांच के बाद किसान के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार सूरज बाई साहू (65) निवासी दवनडीह, 30 सितंबर 2025 को गाय के लिए चारा लेने खेत की ओर जा रही थीं। इसी दौरान गांव के पटेल मोहल्ला के पास पुल के नीचे रास्ते से गुजरते समय जमीन पर गिरे बिजली तार की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की थी। जांच में पता चला कि गांव के संजू चंद्राकर ने ट्रांसफार्मर से अवैध तरीके से बिजली कनेक्शन लिया था। उसी अवैध तार के संपर्क में आने से सूरज बाई साहू की मौत हुई।
जांच पूरी होने के बाद सीपत पुलिस ने आरोपी संजू चंद्राकर के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
