ई-चालान के मैसेज से मोबाइल हैक, रेलवेकर्मी से 2.85 लाख की ठगी

शशि मिश्रा


बिलासपुर। बिलासपुर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। ई-चालान के नाम पर आए एक संदिग्ध मैसेज पर क्लिक करते ही रेलवेकर्मी का मोबाइल हैक हो गया और ठगों ने उसके खाते से 2 लाख 85 हजार रुपये निकाल लिए। मामले में तोरवा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सांई भूमि निवासी विवेक शुक्ला, पिता दयानंद प्रसाद, रेलवे में ट्रेन मैनेजर के पद पर कंट्रोल रूम में पदस्थ हैं। 7 मार्च को उनके मोबाइल पर ई-चालान से संबंधित एक मैसेज आया। जब उन्होंने उस मैसेज को क्लिक किया तो उसमें ओवर स्पीड का चालान दिखाई दिया, लेकिन उसमें किसी प्रकार की राशि दर्ज नहीं थी।
कुछ देर बाद उन्होंने मैसेज को बैक कर दिया, लेकिन इसके बाद उनका मोबाइल हैक हो गया। ठगों ने उनके खाते से अलग-अलग चार किश्तों में कुल 2 लाख 85 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए।
घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318 और 4 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले को साइबर फ्रॉड मानते हुए आरोपियों की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!